बानसूर में दिनदहाड़े फायरिंग, शराब ठेकेदार सुनील की मौत, इलाके में फैली दहशत
June 24, 2025
0
बानसूर। कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बानसूर कस्बे में मंगलवार को दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात सामने आई। बाइक सवार 6 बदमाशों ने अलवर बाईपास पर शराब ठेकेदार सुनील उर्फ टूल्ली (35) निवासी बालावास पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल सुनील को तुरंत बानसूर उपजिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कोटपूतली के बीडीएम अस्पताल रैफर किया गया। इलाज के दौरान सुनील की मौत हो गई। कपड़े लेने आया था सुनील, बदमाशों ने बरसाईं गोलियां थाना प्रभारी सुरेन्द्र मलिक ने बताया कि सुनील बानसूर के अलवर बाईपास रोड स्थित एक टेलर की दुकान पर कपड़े लेने गया हुआ था। तभी तीन बाइकों पर सवार होकर छह हमलावर वहां पहुंचे और सुनील पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में सुनील लहूलुहान होकर गिर पड़ा। सूचना पर बानसूर डीएसपी दशरथ सिंह व थाना प्रभारी मलिक मय पुलिस टीम के मौके पर पहुंचे। घायल अवस्था में सुनील को एंबुलेंस से कोटपूतली के बीडीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। फायरिंग से फैली दहशत, पुलिस जुटी जांच में दोपहर 12:30 बजे हुई इस वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। सूत्रों के अनुसार हमलावरों की पहचान के कुछ सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर तलाश तेज कर दी गई है।शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गयारोटी बैंक की नि:शुल्क एम्बुलेंस मौके पर पहुंच गई, जो शव को कोटपूतली से बानसूर मोर्चरी लाएगी। यहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। वारदात के पीछे रंजिश या पुराना विवाद? पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। प्रारंभिक अनुमान है कि हत्या के पीछे आपसी रंजिश या पुराना लेनदेन हो सकता है। हालांकि, जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, कारणों पर स्पष्टता संभव नहीं है। इलाके में बढ़ाई गई पुलिस गश्त घटना के बाद बानसूर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही जिले की सीमाओं पर नाकाबंदी कर दी गई है, ताकि आरोपी जिले से बाहर न निकल सकें।
Tags
