बहरोड़। सेवा, समर्पण और समाजहित के पथ पर अग्रसर लायंस क्लब बहरोड़ के लिए मंगलवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब क्लब के पूर्व अध्यक्ष लायन के. पी. यादव को लायंस क्लब इंटरनेशनल के प्रांत 3233E1 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन सुधीर वाजपेई द्वारा रीजन 9 के जोन 2 का जोन चेयरपर्सन नियुक्त किया गया। इस प्रतिष्ठित जोन में लायंस क्लब बहरोड़, लायंस क्लब बहरोड़ रॉयल एवं लायंस क्लब बहरोड़ किंग्स शामिल हैं।लायन के. पी. यादव की इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी पर नियुक्ति से न केवल लायंस क्लब बहरोड़ के सदस्यों में हर्ष और गर्व का संचार हुआ, बल्कि पूरे बहरोड़ क्षेत्र में भी सेवा के प्रति नई ऊर्जा और उमंग जाग्रत हुई। क्लब परिवार के सभी सदस्यों ने डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन सुधीर वाजपेई के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि लायन यादव जैसे कर्मठ, मृदुभाषी और समर्पित व्यक्तित्व को यह दायित्व मिलना क्लब के लिए गौरव की बात है।
इस मौके पर क्लब सदस्यों ने लायन के. पी. यादव का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। चारों ओर उल्लास का माहौल रहा। सभी ने एक स्वर में कहा कि यादव के नेतृत्व में यह जोन नई ऊंचाइयों को छुएगा और समाज सेवा के नये आयाम स्थापित करेगा।
इस अवसर पर लायन के. पी. यादव ने भी अपने भाव प्रकट करते हुए कहा—"यह दायित्व मेरे लिए केवल पद नहीं, बल्कि समाज सेवा के उस महान उद्देश्य को पूर्ण करने का अवसर है, जिसे लायंस क्लब वर्षों से निभाता आ रहा है। मैं सभी क्लबों के बीच आपसी सहयोग, सद्भाव और सेवा के संकल्प को और सुदृढ़ करूंगा। हम सब मिलकर इस जोन को आदर्श बना सकते हैं।"
क्लब के वरिष्ठ सदस्यों सहित युवा सदस्य भी इस नियुक्ति पर बेहद उत्साहित नजर आए। सभी ने एकमत से कहा कि लायन यादव का अनुभव, उनकी सकारात्मक सोच और कार्यशैली पूरे जोन के लिए लाभकारी सिद्ध होगी।
कार्यक्रम के दौरान क्लब की पूर्व गतिविधियों, भावी योजनाओं और सामाजिक सरोकारों पर भी चर्चा हुई, जिसमें विशेष रूप से स्वास्थ्य शिविर, नेत्र जांच कार्यक्रम, पर्यावरण जागरूकता अभियान और जरूरतमंदों के लिए सहायता योजनाओं पर जोर दिया गया।
लायंस क्लब बहरोड़ का यह ऐलान क्षेत्र के सभी सामाजिक संगठनों के लिए भी प्रेरणादायक रहा, जिन्होंने यादव को बधाई संदेश भेजकर अपने शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
