प्रत्यक्षदर्शी ने बताई आखों देखी
इस दुर्घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी इटियाथोक निवासी राहुल वर्मा ने बताया कि सुबह से ही बारिश होने के कारण सड़क पर फिसलन थी। उन्होंने कहा, ‘‘एसयूवी नहर के बगल में बनी सड़क पर जा रहा था उसी बीच चालक ने ब्रेक लगाया जिससे गाड़ी फिसल करके नहर में जा गिरी। हमने तत्काल पुलिस को फोन करके गांव के लोगों को मौके पर बुलाया और रस्सी के सहारे एसयूवी को बाहर निकाला।’’
सीएम योगी ने किया आर्थिक सहायता का ऐलान
इस बीच, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने तथा जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। इटियाथोक थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) कृष्ण गोपाल राय ने बताया कि स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) में सवार श्रद्धालु मोतीगंज थाना क्षेत्र के सीहागांव गांव से खरगूपुर स्थित प्रसिद्ध पृथ्वीनाथ मंदिर में पवित्र जल चढ़ाने जा रहे थे तभी बेलवा बहुता के पास यह दुर्घटना हुई।