सहारनपुर। थाना कुतुबशेर पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक शातिर गौकश को घायलावस्था में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बदमाश के कब्जे से अवैध शस्त्र व बिना नम्बर प्लेट की एक बाईक बरामद की है। थाना कुतुबशेर प्रभारी हृदय नारायण सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आज उनके व उपनिरीक्षक असगर अली, अवशेष भाटी के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा दबनी कब्रिस्तान अम्बाला रोड़ पर संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चैकिंग की जा रही थी, तभी मानकमऊ बस स्टैण्ड की ओर से कब्रिस्तान के अन्दर वाले रास्ते से एक बिना नम्बर की बाईक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्ति आते दिखाई दिये, जिन्हें पुलिस टीम द्वारा टार्च की रोशनी दिखाकर रुकने का ईशारा किया गया। तो वह नहीं रूके और पुलिस टीम पर फायरिंग करके वापस मानकमऊ की तरफ भागने लगे। पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया, तो कुछ दूरी पर जाकर बदमाशों की बाईक अनियन्त्रित होकर फिसल कर गिर गयी। पुलिस टीम को अपने नजदीक आता देख बदमाशो ने पुनः पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। पुलिस टीम द्वारा की गई आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगने से घायलावस्था में गिरफ्तार किया गया। जबकि उसका एक अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार बदमाश की तलाश के लिए लगातार कॉम्बिंग की जा रही है। घायल बदमाश की पहचान आसिफ पुत्र भूरा पाल्ली निवासी एकता कालोनी थाना कुतुबशेर हाल पता किरायेदार हबीबगढ़ थाना कोतवाली देहात के रूप में हुई। घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। बदमाश के कब्जे से अवैध शस्त्र व एक बिना नम्बर प्लेट की बाईक बरामद की गई। श्री सिंह ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश शातिर किस्म का अभ्यस्त अपराधी है, जिसके विरूद्ध जनपद में गौकशी आदि जैसे जघन्य अपराध के करीब एक दर्जन मुकदमें दर्ज है।
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
