
कैबिनेट मंत्री एवं झोटवाड़ा से भाजपा विधायक कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने रविवार को वार्ड नं. 43, मून पैराडाइज, भारत माता चौक, झोटवाड़ा में स्थानीय नागरिकों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 123वें संस्करण का सजीव प्रसारण सुना। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री के विभिन्न विषयों पर बहुमूल्य मार्गदर्शन को आत्मसात किया। कार्यक्रम के उपरांत कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा, "मन की बात रेडियो कार्यक्रम का सजीव प्रसारण, निष्ठवान कार्यकर्ताओं और स्नेहिल जनता के साथ देखना और सुनना, सदैव नई प्रेरणा देता है।" उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि 'मन की बात' कार्यक्रम जन-जन को एक सूत्र में पिरोकर राष्ट्र के उत्कर्ष की दिशा में उन्मुख करने का एक सशक्त माध्यम बन गया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने आज के संस्करण में देश की उपलब्धियों, ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक विषयों से भी अवगत करवाया।
कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने आगे कहा कि 'मन की बात' के हर एपिसोड में देशवासियों की सेवा और सामर्थ्य ने दूसरों को प्रेरित किया है। उनके अनुसार, इस कार्यक्रम में हर देशवासी दूसरे देशवासी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनता है, और एक तरह से यह कार्यक्रम अगले एपिसोड के लिए आधार तैयार करता है। उन्होंने 'मन की बात' को हमेशा सद्भावना, सेवा-भावना और कर्तव्य-भावना से आगे बढ़ने वाला कार्यक्रम बताया।
कार्यक्रम सुनने के बाद कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने स्थानीय नागरिकों से भी सीधा संवाद किया और उनसे क्षेत्रीय विकास से जुड़े महत्वपूर्ण सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन हम सभी को राष्ट्रसेवा की दिशा में निरंतर प्रेरित करता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरक विचारों और जनकल्याणकारी विषयों पर आधारित ओजस्वी संबोधन को सुनते हुए राठौड़ ने बताया कि 'मन की बात' में साझा किए गए सकारात्मक उदाहरणों से सभी को नई ऊर्जा मिली।