क्वेटा। पाकिस्तान के क्वेटा शहर में मंगलवार को हुए जोरदार विस्फोट ने दहशत फैला दी। यह धमाका बलोचिस्तान नेशनल पार्टी (बीएनपी) की एक रैली के तुरंत बाद हुआ, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई और 31 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शी ज़मान बलोच, जो इस घटना में घायल हुए हैं, ने बताया कि बैठक समाप्त होने के बाद वह अपने दोस्त का इंतजार कर रहे थे तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ। उन्होंने कहा, “धमाके के बाद हर तरफ अफरातफरी मच गई, लोग जमीन पर पड़े थे और चीख़-पुकार गूंज रही थी।”
बीएनपी के केंद्रीय सूचना सचिव आग़ा बलोच ने बताया कि यह धमाका नवाब नियाज जेहरी के वाहन के पास हुआ। उन्होंने पुष्टि की कि इस हमले में पार्टी के कुछ निजी सुरक्षाकर्मी भी मारे गए हैं।
बलोचिस्तान सरकार ने इस घटना की जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री मीर सरफ़राज बुगती ने धमाके की कड़ी निंदा करते हुए इसे “मानवता के दुश्मनों की कायराना हरकत” बताया। उन्होंने कहा, “आतंकवादियों के नापाक इरादों को हर कीमत पर नाकाम किया जाएगा।”
अधिकारियों के अनुसार घायलों को नज़दीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और कई की हालत गंभीर बनी हुई है। इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया है और जांच एजेंसियां विस्फोट की प्रकृति की जांच में जुटी हैं।
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.