चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश में चकबंदी से जुड़ी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया है। विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान पानीपत जिले में चकबंदी से संबंधित एक प्रश्न का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने इस प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि चकबंदी की समस्या केवल पानीपत तक सीमित नहीं है। यह समस्या यमुना नदी के किनारे बसे यमुनानगर से लेकर पलवल तक के सभी गांवों में है। उन्होंने कहा कि सरकार इस व्यापक समस्या को गंभीरता से ले रही है और पूरे क्षेत्र के लिए एक प्रभावी समाधान निकालने की दिशा में काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने सदन में आश्वासन दिया कि चकबंदी की प्रक्रिया का सरलीकरण करने के लिए जल्द ही प्रभावी कदम उठाए जाएंगे और इस समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा। यह घोषणा उन हजारों किसानों के लिए राहत लेकर आई है, जो लंबे समय से इस जटिल समस्या से जूझ रहे थे।