चुनाव आयोग पर 'वोट चोरी' को लेकर गंभीर आरोप लगाने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी भाजपा के निशाने पर आ गए हैं। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता भूपेन्द्र यादव ने कहा कि बहुत दिनों से हमारे देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी एक एटम बम छोड़ने की बात कर रहे थे। मुझे कल किसी मित्र ने कहा कि ये तो जिस पेड़ पर बैठे थे, उसी को कुल्हाड़ी से काटने का काम कर रहे थे। सच कहूं, तो कांग्रेस के युवराज और नेता प्रतिपक्ष की भाषा का जो अहंकार था, वो चुनाव आयोग के कर्मचारियों के लिए था।
भूपेन्द्र यादव ने कहा कि इस देश की आर्मी, चुनाव आयोग, संसद ये सब ऐसी संस्थाएं हैं, जो स्वायत्त और स्वाधीन होकर काम करती हैं। हम सब इसके द्वारा पूरी तरह नियंत्रित है। इसलिए कोई स्वतंत्र निकाय जब किसी भी राजनीतिक प्रोसेस को फॉलो करती है, तो उसे हम सभी को मानना चाहिए। क्योंकि, इन सभी संस्थाओं को संवैधानिक दर्जा देश के संविधान ने दिया है। अपना हमला जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी जी ने तैयारी करके बहुत बड़ा झूठ बोला। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में 1 करोड़ वोट बढ़े।