ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी सुधीर कुमार ने कहा, "पुलिस को सूचना मिली कि हॉस्टल में एक छात्रा ने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा की कार्रवाई की। परिजनों की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। इस मामले में दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया है और पूछताछ की जा रही है। छात्रों का यूनिवर्सिटी के प्रशासन पर काफी आक्रोश था, उन्हें समझाकर शांत कर दिया गया है।"
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर छात्रा के कमरे की बारीकी से जांच की। सुसाइड नोट को कब्जे में लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। छात्रों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई की जाए। परिजनों और छात्रों का कहना है कि यूनिवर्सिटी में छात्रों पर अनुचित दबाव बनाया जाता है, जिसके चलते यह दुखद घटना हुई। पुलिस ने कहा कि वह सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।