लड़की भी बाराबंकी शहर में किराए के घर में भाई के साथ रहती है। उन्होंने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले लड़की के परिजनों ने तुषार पर उसे परेशान करने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की थी। पुलिस ने दोनों पक्ष को बुलाकर सुलह समझौता कराया था। मृतक के परिजनों का आरोप है कि सुलह के बाद लड़की के पिता ने तुषार के घर वालों से लाखों रुपये लिए थे और उसके बाद भी उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा था। तुषार की माता सुषमा ने बताया कि उनके बेटे और युवती के बीच प्रेम प्रसंग था जिसके साक्ष्य के रूप में उनके पास दोनों की एक साथ ली गई फोटो है।
उन्होंने आरोप लगाया कि युवती के पिता सतीश वर्मा बार-बार पुलिस में शिकायत कर बेटे को प्रताड़ित कर रहे थे और फिर सुलहनामे के नाम पर पांच से छह लाख रुपये वसूले गए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यही नहीं, बार-बार पुलिस से शिकायत कर 30 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आरके राणा ने बताया कि सुषमा की शिकायत पर लड़की के भाई, पिता और दादा समेत पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, जबरन वसूली और धमकाने जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है और मामले में छानबीन की जा रही है।